

सदस्यता में संख्या नहीं, पत्रकारों की गुणवत्ता को प्राथमिकता देगा झारखंड यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट्स
*दीपावली-छठ के बाद जिलों में अभियान; दिसंबर में पत्रकारों की मांगों को लेकर रांची में प्रदर्शन की तैयारी*
मृत्युंजय बर्मन,
राष्ट्र संवाद संवाददाता, सरायकेला
झारखंड यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट्स ने संगठन के विस्तार के साथ सदस्यता की गुणवत्ता और अनुशासन को प्राथमिकता देने का निर्णय लिया है। प्रदेश अध्यक्ष रजत कुमार गुप्ता की अध्यक्षता में हुई ऑनलाइन बैठक में तय किया गया कि दीपावली और छठ के बाद जिलों में सदस्यता अभियान तेज किया जाएगा। नए सदस्यों के आचरण और पेशेवर मर्यादा को परखने पर विशेष जोर रहेगा।
बैठक में दिसंबर में पत्रकारों की मांगों को लेकर रांची में बड़े प्रदर्शन की तैयारी पर भी चर्चा हुई। संगठन का कहना है कि दिवंगत पत्रकारों के परिवारों को आर्थिक सहायता देने के लिए मुख्यमंत्री को पहले भी ज्ञापन दिए गए, लेकिन अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई। इसी मुद्दे पर सरकार का ध्यान खींचने के लिए मार्च निकाला जाएगा।
जिला स्तर पर अभियान को व्यवस्थित करने के लिए प्रदेश पदाधिकारियों के क्रमवार दौरे और संबंधित जिलों में बैठक आयोजित करने का सुझाव दिया गया। बैठक में संगठन मंत्री शिव कुमार अग्रवाल, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राजीव नयनम के उमेश प्रताप, प्रदीप अग्रवाल, विनय राज, मनोज मिश्र, सुधाकर झा, गौरीशंकर झा, शिव शंकर कुमार, सुदीप सिंह, राजेश प्रसाद, जावेद अख्तर, अमित राज, रमेश सिंह, कैलाश यादव, मुन्ना यदुवंशी, अरविंद कुमार और मृत्युंजय बर्मन शामिल हुए।

