

मोहनपुर के जंगल में पेड़ से लटकता मिला 20 वर्षीय युवक का शव
राष्ट्र संवाद संवाददाता, गम्हरिया
गम्हरिया प्रखंड के मोहनपुर गांव के जंगल में रविवार सुबह एक 20 वर्षीय युवक का शव पेड़ से लटकता मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। जंगल की ओर गए ग्रामीणों की नजर जब शव पर पड़ी तो उन्होंने तत्काल गम्हरिया थाना पुलिस को इसकी सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतरवाकर अपने कब्जे में लिया। मृतक की पहचान लक्ष्मण मंडल (20) के रूप में हुई है। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
बताया गया कि लक्ष्मण बचपन से ही मोहनपुर गांव स्थित अपने मामा के घर रह रहा था। पिता के निधन के बाद वह अपनी मां के साथ मामा के घर पर ही रहने लगा था। उसका पैतृक घर पूर्वी सिंहभूम जिले के खुर्सा गांव में बताया गया है।
फिलहाल युवक की मौत के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। शव को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है।

