

शताब्दी वर्ष पर जमशेदपुर में भव्य शाखा संगम, 213 शाखाओं के स्वयंसेवक हुए एकत्रित
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में रविवार को बिष्टुपुर स्थित गोपाल मैदान में जमशेदपुर महानगर द्वारा भव्य शाखा संगम का आयोजन किया गया। इसमें महानगर की 213 शाखाओं के स्वयंसेवकों ने सामूहिक सहभागिता की और अनुशासन एवं संगठनात्मक एकात्मता का परिचय दिया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि एनआईटी जमशेदपुर के निदेशक डॉ. गौतम सूत्रधर तथा मुख्य वक्ता संघ के उत्तर-पूर्व क्षेत्र (बिहार-झारखंड) के बौद्धिक प्रमुख राणा प्रताप उपस्थित रहे।
डॉ. गौतम सूत्रधर ने कहा कि शाखा संघ का प्राण और व्यक्ति निर्माण की कार्यशाला है। इसके माध्यम से अनुशासन, आत्मविश्वास एवं नेतृत्व क्षमता का विकास होता है। वहीं राणा प्रताप ने संघ की स्थापना के उद्देश्य और शाखा की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए सामाजिक समरसता, कुटुंब प्रबोधन, पर्यावरण संरक्षण, स्वदेशी आचरण एवं नागरिक कर्तव्य के रूप में पंच परिवर्तन को जीवन में अपनाने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि व्यक्ति निर्माण के माध्यम से ही संगठित एवं सशक्त समाज का निर्माण संभव है। कार्यक्रम का समापन संघ की प्रार्थना के साथ हुआ।

