

चांडिल में अवैध शराब भट्ठियों के खिलाफ आंदोलन की चेतावनी
*नशा मुक्ति अभियान समिति ने उत्पाद विभाग पर मिलीभगत का लगाया आरोप; एक सप्ताह का अल्टीमेटम*
राष्ट्र संवाद संवाददाता, चांडिल
चांडिल थाना क्षेत्र के आसनबनी और सतनाला के आसपास कथित रूप से संचालित अवैध देशी शराब भट्ठियों के खिलाफ चांडिल अनुमंडल नशा मुक्ति अभियान समिति ने आंदोलन की चेतावनी दी है। समिति की केंद्रीय सदस्य सह चांडिल प्रभारी उर्मिला उरांव ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर आरोप लगाया कि उत्पाद विभाग की कथित मिलीभगत से क्षेत्र में अवैध शराब बनाने और बेचने का कारोबार लगातार फल-फूल रहा है।
उर्मिला उरांव के अनुसार, चिलगु, भादुडीह और आसनबनी के सतनाला किनारे नेपाल कर्मकार एवं भारत सिंह सरदार कथित तौर पर संयुक्त रूप से देशी शराब की चुलाई करते हैं। वहां से आसनबनी, शाही झरना, काली मंदिर के पीछे और फाड़लोगोड़ा सहित आसपास के गांवों के अलावा कपाली, रुगड़ी, डोबो, पुड़िसिली तथा कदरबेड़ा तक शराब की आपूर्ति किए जाने का आरोप है।
*मजदूरों-किसानों की कमाई शराब में खर्च होने का आरोप*
समिति का कहना है कि अवैध शराब के कारोबार से आदिवासी समुदाय के दिहाड़ी मजदूरों और किसानों के परिवार प्रभावित हो रहे हैं। उर्मिला उरांव ने आरोप लगाया कि कारोबारियों को उत्पाद विभाग का संरक्षण प्राप्त है। उन्होंने दो व्यक्तियों पर शराब कारोबारियों से कथित रूप से प्रतिमाह नकद वसूली कर संरक्षण देने का भी आरोप लगाया है।
*एक सप्ताह में कार्रवाई नहीं तो महिला आंदोलन*
उर्मिला उरांव ने जिला उत्पाद अधीक्षक क्षितिज मिंज से अवैध भट्ठियों को तत्काल बंद कराने, पूरे मामले की जांच कराने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि एक सप्ताह के भीतर प्रशासन ने ठोस कदम नहीं उठाया, तो महिलाएं अपने स्तर पर आंदोलन शुरू करेंगी और अवैध शराब भट्ठियों को तोड़ने के लिए सड़क पर उतरेंगी। उन्होंने कहा कि ऐसी स्थिति उत्पन्न होने पर इसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।

