

बदहाल सड़क से बेहाल ग्रामीण, पांच किमी का सफर तय करने में लग रहे 20 मिनट
राष्ट्र संवाद संवाददाता, बहरागोड़ा
एनएच से मानखंदा होते हुए झाटियाशोल और चौरंगी जाने वाली मुख्य सड़क लंबे समय से जर्जर है। जगह-जगह गड्ढों और उभरे नुकीले पत्थरों ने इस मार्ग पर आवागमन मुश्किल कर दिया है। दर्जनों गांवों के लोग रोजाना जोखिम उठाकर सफर करने को मजबूर हैं।
*नौ गांवों की आवाजाही प्रभावित*
मधुआबेड़ा, गोहालडीही, चड़कमारा, शिकारीशाई, डिंगाशाई, दरखुली, मानखंदा, झाटियाशोल और मधुपुर सहित पाथरी व मौदा पंचायत के कई गांव इस सड़क पर निर्भर हैं। दरखुली के पास सड़क की हालत सबसे खराब है। यहां उखड़ी सतह और बाहर निकले पत्थरों के कारण पैदल चलना भी कठिन हो गया है।
*पांच किमी में 20 मिनट*
सड़क की बदहाली का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि पांच किलोमीटर की दूरी तय करने में करीब 20 मिनट लग रहे हैं। स्कूली बच्चों को समय पर स्कूल पहुंचने में परेशानी होती है, वहीं मरीजों और बुजुर्गों को अस्पताल ले जाना भी मुश्किल भरा हो गया है।
*शिकायत के बावजूद मरम्मत नहीं*
ग्रामीणों का कहना है कि सड़क की समस्या चुनावी चर्चाओं में तो उठती है, लेकिन बाद में इसकी सुध लेने वाला कोई नहीं होता। उन्होंने जिला प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से सड़क का शीघ्र पुनर्निर्माण कराने की मांग की है।

