

20 दिन से टूटा आरटीपीएस का शेड, बारिश और धूप में खड़े होकर कर रहे इंतजार
तूफान के बाद भी नहीं जागा प्रशासन, महिला-पुरुषों के लिए अलग कतार की व्यवस्था ठप :
बेगूसराय /राष्ट्र संवाद ब्यूरो
सरकारी सेवाओं का लाभ लेने प्रखंड मुख्यालय पहुंच रहे लोगों को अब आवेदन जमा करने और प्रमाणपत्र प्राप्त करने के लिए बारिश में भींगने और धूप में खड़े रहने की मजबूरी झेलनी पड़ रही है। तेघड़ा प्रखंड स्थित आरटीपीएस कार्यालय के काउंटर के सामने बना शेड 20 दिन पहले आए वर्षा और तूफान में टूट गया था, लेकिन अब तक इसकी मरम्मत नहीं कराई गई है। शेड टूटने से महिला और पुरुषों के लिए अलग-अलग कतार में खड़े होने की व्यवस्था भी प्रभावित हो गई है। अब दोनों को एक ही कतार में लगकर अपनी बारी का इंतजार करना पड़ रहा है।
आरटीपीएस कार्यालय से राशन कार्ड, भूमि संबंधी सेवाओं, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, आय, जाति और आवासीय प्रमाणपत्र सहित विभिन्न सरकारी सेवाओं के लिए आवेदन जमा करने और प्रमाणपत्र प्राप्त करने का काम होता है। इन सुविधाओं के लिए प्रखंड की दूर-दराज पंचायतों से प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग पहुंचते हैं। इनमें महिलाएं, बुजुर्ग और जरूरतमंद आवेदक भी शामिल हैं। शेड टूटने के कारण इन्हें मौसम की मार झेलते हुए कतार में खड़ा रहना पड़ता है।
प्राकृतिक आपदा से शेड का टूटना अलग बात है, लेकिन 15 दिन बीतने के बाद भी उसकी मरम्मत नहीं होना प्रशासनिक जवाबदेही पर सवाल खड़ा करता है। जनता को सरकारी सेवाएं उपलब्ध कराने वाले कार्यालय में न्यूनतम सुविधाओं का अभाव चिंताजनक है। जिला पदाधिकारी से अपेक्षा है कि वे इस जनसमस्या का संज्ञान लेकर संबंधित अधिकारियों को तत्काल शेड की मरम्मत कराने तथा महिला-पुरुषों के लिए अलग-अलग कतार की व्यवस्था बहाल करने का निर्देश दें, ताकि दूर-दराज से आने वाले लोगों को अनावश्यक परेशानी से राहत मिल सके।

