प्रशासन की कार्रवाई के 48 घंटे बाद फिर खुलीं पटाखा दुकानें
*कुदादा में बिना लाइसेंस पटाखा बिक्री का आरोप, मुखिया संघ ने उठाए सवाल; सीओ ने शुक्रवार को दोबारा जांच का दिया भरोसा*
राष्ट्र संवाद संवाददाता, जादूगोड़ा
सुंदरनगर प्रखंड के कुदादा में बंद कराई गईं दो पटाखा दुकानें कथित तौर पर दोबारा खुलने से प्रशासनिक कार्रवाई पर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय मुखिया संघ ने दुकानों के फिर से संचालन पर नाराजगी जताते हुए जिला प्रशासन से कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी के अनुसार, घनी आबादी वाले कुदादा क्षेत्र में दो पटाखा दुकानें बिना लाइसेंस और अग्निशमन सुरक्षा संबंधी अनुमति के संचालित होने की शिकायत मुखिया संघ ने बीडीओ और सीओ से की थी। शिकायत के बाद बीडीओ, सीओ और सुंदरनगर थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने दो दिन पहले छापेमारी कर दोनों दुकानों को बंद कराया था। आरोप है कि कार्रवाई के करीब 48 घंटे के भीतर ही दुकानदारों ने फिर से बिक्री शुरू कर दी।
मुखिया संघ और स्थानीय ग्रामीणों ने घनी बस्ती में पटाखों के भंडारण और बिक्री को संभावित हादसे का खतरा बताते हुए प्रशासन से मामले की जांच करने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि केवल दुकान बंद कराना पर्याप्त नहीं है; नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर कानूनी कार्रवाई भी होनी चाहिए।
मामले में सीओ मनोज कुमार ने बताया कि शुक्रवार को फिर से जांच-पड़ताल की जाएगी। अब यह देखना होगा कि दोबारा खुली दुकानों के संचालन की स्थिति क्या है और आवश्यक अनुमति के बिना बिक्री किए जाने की शिकायत पर प्रशासन क्या कदम उठाता है।

