जगन्नाथपुर में पत्नी की गैता से वार कर हत्या, आरोपी पति गिरफ्तार
राष्ट्र संवाद संवाददाता, चाईबासा,
पश्चिमी सिंहभूम जिले के जगन्नाथपुर थाना क्षेत्र के जिन्तुगाड़ा गांव में बुधवार अहले सुबह 35 वर्षीय सलमी सिंकू की हत्या कर दी गई। आरोप है कि उसके पति मंगल सिंकू ने गैता से सिर पर कई वार कर उसकी जान ले ली। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है।
ग्रामीणों के अनुसार, घटना सुबह करीब चार बजे की है। वारदात के समय मृतका के बच्चे घर पर मौजूद नहीं थे। सूचना मिलने पर जगन्नाथपुर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू की। अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी राफेल मुर्मू ने भी थाने पहुंचकर मामले की जानकारी ली।
ग्रामीणों ने बताया कि मंगल सिंकू करीब तीन दिन पहले घर छोड़कर चला गया था। परिजन उसे पाताहातु से सोमवार को वापस लाए थे। ग्रामीणों के मुताबिक, पूछताछ में आरोपी हत्या से इनकार कर रहा है।
पुलिस हत्या में प्रयुक्त हथियार और अन्य साक्ष्यों की जांच कर रही है। पारिवारिक विवाद समेत सभी संभावित पहलुओं पर छानबीन जारी है। फिलहाल हत्या के कारणों का खुलासा नहीं हुआ है। घटना से गांव में शोक का माहौल है।

