गर्भवती नवविवाहिता की मौत का मामला : चार गिरफ्तार
*दहेज प्रताड़ना और बेरहमी से मारपीट कर हत्या का आरोप; मायके वालों का दावा, छत से कूदने की कहानी गढ़ी गई, सीसीटीवी और पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा राज*
राष्ट्र संवाद संवाददाता, आदित्यपुर
जिस प्रेम विवाह से एक नई जिंदगी की शुरुआत हुई थी, उसका अंत कुछ ही महीनों में एक दर्दनाक मौत और गंभीर आरोपों के बीच हुआ। आदित्यपुर के सतवाहनी स्थित जॉय नेक्स्ट अपार्टमेंट में नवविवाहिता पिंकी कुमारी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के मामले ने दहेज उत्पीड़न और घरेलू हिंसा पर फिर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। मृतका के पिता ललित महतो की शिकायत पर पुलिस ने पति मनीष शर्मा, ससुर श्याम शर्मा, सास पूनम शर्मा और सतीश शर्मा को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
परिजनों का आरोप है कि शादी के बाद पिंकी को दहेज के लिए प्रताड़ित किया जाता था। उनका दावा है कि घटना के दिन उसके साथ बेरहमी से मारपीट की गई और छाती व पेट पर वार किए गए। परिजनों के मुताबिक, पिंकी गर्भवती थी। यदि यह पुष्टि होती है, तो मामला और भी संवेदनशील हो जाता है। हालांकि, गर्भावस्था और मौत की परिस्थितियों की आधिकारिक पुष्टि जांच एवं चिकित्सकीय रिपोर्ट से होनी बाकी है।
मायके पक्ष ने यह भी आरोप लगाया है कि घटना को छत से कूदने का रूप देने की कोशिश की गई। गंभीर हालत में पिंकी को पहले एमजीएम अस्पताल और फिर रांची के रिम्स ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई।
अब पुलिस जांच के केंद्र में अपार्टमेंट के सीसीटीवी फुटेज, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और संबंधित लोगों के बयान हैं। चार गिरफ्तारियां कार्रवाई का पहला कदम हैं। मौत की असल वजह और आरोपों की पुष्टि साक्ष्यों से ही होगी।

