जमशेदपुर में बैंक सुरक्षा को लेकर पुलिस की अहम बैठक, सीसीटीवी और अलार्म सिस्टम दुरुस्त रखने के निर्देश
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर: शहर में बैंक परिसरों और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के उद्देश्य से मंगलवार, 27 अक्टूबर को बिष्टुपुर थाना क्षेत्र में पुलिस और विभिन्न बैंकों के अधिकारियों की संयुक्त बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता पुलिस अधीक्षक (नगर), पूर्वी सिंहभूम, जमशेदपुर ने की। इसमें विभिन्न बैंकों के क्षेत्रीय प्रबंधक, शाखा प्रबंधक, सहायक पुलिस अधीक्षक, मुख्यालय-01, पुलिस उपाधीक्षक (नगर क्षेत्र) तथा बिष्टुपुर थाना प्रभारी शामिल हुए।
बैठक के दौरान बैंक परिसरों में सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए बैंक से जुड़ी आपराधिक घटनाओं पर अंकुश लगाने और ग्राहकों एवं बैंक कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया। पुलिस अधिकारियों ने बैंक परिसर के साथ-साथ आसपास के क्षेत्रों में भी सतर्कता बरतने तथा संदिग्ध व्यक्तियों और गतिविधियों पर लगातार नजर रखने की आवश्यकता बताई।
इस दौरान बैंकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता, सुरक्षा उपकरणों की उपलब्धता, अलार्म सिस्टम की स्थिति और आपातकालीन परिस्थितियों में पुलिस की त्वरित सहायता सुनिश्चित करने जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की गई। अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरतने पर जोर दिया।
पुलिस अधीक्षक (नगर) ने बैंक प्रबंधन और पुलिस पदाधिकारियों को आपसी समन्वय बनाए रखते हुए सुरक्षा संबंधी सभी आवश्यक उपायों को प्रभावी ढंग से लागू करने का निर्देश दिया। साथ ही, किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को देने की अपील की गई।
पुलिस प्रशासन का उद्देश्य बैंक परिसरों में सुरक्षित माहौल कायम रखना, संभावित आपराधिक घटनाओं को रोकना और बैंक आने वाले ग्राहकों तथा कर्मचारियों के बीच सुरक्षा का भरोसा मजबूत करना है।

