
मीडिया में खबर चलने के बाद जागा प्रशासन, कुदादा में बिना लाइसेंस चल रही दो पटाखा दुकानें बंद
राष्ट्र संवाद संवाददाता जमशेदपुर। दीपावली से पहले अवैध पटाखा कारोबार के खिलाफ प्रशासन ने सख्ती शुरू कर दी है। मीडिया में खबर सामने आने के बाद सुंदरनगर थाना क्षेत्र के कुदादा में बिना लाइसेंस संचालित दो पटाखा दुकानों पर कार्रवाई करते हुए उन्हें तत्काल बंद करा दिया गया। कार्रवाई के बाद अवैध रूप से पटाखों की बिक्री करने वाले दुकानदारों में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, बीडीओ सुमित प्रकाश, सीओ मनोज कुमार और सुंदरनगर थाना प्रभारी अजित मुंडा कुदादा पहुंचे और मेगोटिया इंटरप्राइजेज तथा मां बनभोरी ट्रेडर्स नामक दुकानों का निरीक्षण किया। जांच के दौरान प्रशासन ने दुकानदारों से पटाखा बिक्री का वैध लाइसेंस मांगा, लेकिन वे कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद अधिकारियों ने दोनों दुकानों को तत्काल बंद करा दिया।
प्रशासन ने दोनों दुकानदारों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि दीपावली के दौरान बिना लाइसेंस पटाखों की बिक्री करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। क्षेत्र में अन्य दुकानों की भी जांच की जाएगी, ताकि अवैध पटाखा कारोबार पर रोक लगाई जा सके और सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित हो सके।

