अल्पसंख्यक आवासीय विद्यालयों में नामांकन शुरू, 3 नवंबर तक करें आवेदन
बेगूसराय/राष्ट्र संवाद ब्यूरो
बिहार सरकार के अल्पसंख्यक कल्याण विभाग की ओर से संचालित आवासीय विद्यालयों में कक्षा 9वीं और 11वीं में नामांकन के लिए ऑनलाइन आवेदन शुरू हो गया है। इच्छुक छात्र-छात्राएं 3 नवंबर 2026 तक आवेदन कर सकते हैं। इन विद्यालयों में बच्चों को पढ़ाई के साथ रहने और खाने की सुविधा भी मुफ्त मिलेगी।अल्पसंख्यक कल्याण शिक्षण समिति के संयोजक मोहम्मद असजद अली ने अभिभावकों से अपील की है कि वे इस मौके का लाभ जरूर उठाएं और अपने बच्चों का आवेदन समय पर कराएं। उन्होंने कहा कि आज के समय में बच्चों को अच्छी शिक्षा दिलाना बहुत जरूरी है। सरकार की इस योजना से गरीब और जरूरतमंद परिवारों के बच्चों को आगे बढ़ने का अच्छा मौका मिल रहा है। गांव-मोहल्लों में रहने वाले लोगों तक भी इसकी जानकारी पहुंचनी चाहिए, ताकि कोई बच्चा जानकारी के अभाव में नामांकन से वंचित न रह जाए।विभाग की ओर से जारी सूचना के मुताबिक, कक्षा 9वीं में नामांकन के लिए अधिकतम उम्र 16 साल और कक्षा 11वीं के लिए 18 साल होनी चाहिए। आवेदन करने वाले छात्र के परिवार की सालाना आमदनी छह लाख रुपये से ज्यादा नहीं होनी चाहिए। नामांकन के लिए 100 अंकों की प्रवेश परीक्षा होगी, जिसके लिए दो घंटे का समय मिलेगा।इन विद्यालयों में पढ़ाई, रहने और खाने की सुविधा मुफ्त होगी। कक्षा 11वीं में विज्ञान और कला संकाय की पढ़ाई की भी व्यवस्था है।इच्छुक छात्र-छात्राएं विभाग की वेबसाइट https://minority.bihar.gov.in/schoolmis/ पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। प्रवेश पत्र 7 से 10 नवंबर तक डाउनलोड होगा। प्रवेश परीक्षा 12 नवंबर को होगी और उसका परिणाम 25 नवंबर को जारी किया जाएगा। चयनित विद्यार्थियों का नामांकन 1 से 7 दिसंबर तक होगा। नया सत्र 8 दिसंबर से शुरू होगा।

