बेटियों के सम्मान में भेंट किए आम के पौधे, दुर्गा पूजा पंडालों में दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश
राष्ट्र संवाद संवाददाता
राजेश कुमार,खोदावंदपुर/बेगूसराय। बेटियों के सम्मान और पर्यावरण संरक्षण का संदेश देने के उद्देश्य से चर्चित पर्यावरण प्रहरी ऑक्सीजन मैन राजेश कुमार सुमन की हरित यात्रा रविवार की देर शाम समस्तीपुर जिले के विभूतिपुर प्रखंड अंतर्गत सिंघिया घाट और नरहन दुर्गा पूजा पंडाल पहुंची। इस दौरान कलश यात्रा में शामिल दर्जनों कुमारी कन्याओं को आम्रपाली आम के पौधे भेंट कर सम्मानित किया गया। इस पहल के माध्यम से बेटी बचाने, नारी सम्मान और वन संरक्षण का संदेश दिया गया।
बेटियों के सम्मान और प्रकृति संरक्षण का अनूठा संगम:-
कार्यक्रम के दौरान कुमारी कन्याओं को पौधे भेंट कर यह संदेश दिया गया कि बेटियां परिवार और समाज की अनमोल धरोहर हैं, जबकि पेड़-पौधे धरती पर जीवन के आधार हैं। दोनों का संरक्षण करना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। बेटियों के सम्मान में पौधे भेंट करने की इस पहल को नारी सम्मान और पर्यावरण संरक्षण के सुंदर संगम के रूप में देखा गया। ऑक्सीजन मैन राजेश कुमार सुमन की यह पहल लोगों को प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारी समझने और पर्यावरण संरक्षण के लिए आगे आने के लिए प्रेरित करती है। उनका मानना है कि बेटियों के सम्मान में लगाए गए फलदार पौधे भविष्य में फल, छाया और शुद्ध वायु देने के साथ आने वाली पीढ़ियों को प्रकृति के प्रति संवेदनशील बनने की प्रेरणा भी देंगे।
एक लाख किलोमीटर की हरित यात्रा का दावा:-
आयोजकों के अनुसार राजेश कुमार सुमन बेटी और वन संरक्षण के उद्देश्य से देशभर में एक लाख किलोमीटर की हरित यात्रा कर चुके हैं। इस दौरान उन्होंने अपने निजी खर्च से दस लाख से अधिक बेटियों के सम्मान में फलदार पौधरोपण करने का अभियान चलाया है। इस पहल के माध्यम से वे नारी सम्मान और पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन का रूप देने का प्रयास कर रहे हैं।

