एफसीआरए की सच्चाई जनता तक पहुंचाएगी भाजपा, बालू और खनिज लूट पर हेमंत सरकार को घेरा : अभय सिंह
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता अभय सिंह ने कहा कि प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी द्वारा लाए गए प्रस्ताव पर उन्होंने राष्ट्रीय नेताओं के समक्ष एफसीआरए, धर्मांतरण, बालू तस्करी और खनिज संपदा की कथित लूट के मुद्दों को प्रमुखता से उठाया।
अभय सिंह ने कहा कि एफसीआरए की वास्तविकता जनता तक पहुंचाने की जरूरत है। उन्होंने आरोप लगाया कि धर्मांतरण पर रोक लगाने के प्रयासों के विरोध में कांग्रेस की भूमिका को भी जनता के बीच स्पष्ट किया जाना चाहिए।
उन्होंने राज्य में बालू के कथित सिंडिकेट और खनिज संपदा की लूट का आरोप लगाते हुए कहा कि इससे गरीबों के लिए पक्का मकान बनाना मुश्किल हो रहा है। उन्होंने हेमंत सोरेन सरकार पर खनिज संपदा के दोहन और लूट को बढ़ावा देने का आरोप लगाया।
अभय सिंह के अनुसार, पार्टी ने इन मुद्दों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित प्रस्ताव को पारित किया है। भाजपा अब इन विषयों को जनता के बीच उठाएगी।

