*फल दुकान में घुसा पुट्टी लदा ट्रक, पेड़ से टकराकर रुका
*सुंदरनगर थाना से कुछ दूरी पर टला बड़ा हादसा, दुकान और ठेला क्षतिग्रस्त*
राष्ट्र संवाद संवाददाता, जमशेदपुर
सुंदरनगर थाना से महज कुछ दूरी पर शुक्रवार देर रात एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। पुट्टी लदा एक मालवाहक ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित फल दुकान में घुस गया और आगे एक पेड़ से टकराकर रुक गया। हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, हालांकि दुकान में रखे फल और ठेला क्षतिग्रस्त हो गए।
मिली जानकारी के अनुसार, ट्रक संख्या जेएच05एडी 8511 पर पुट्टी लदी हुई थी। शुक्रवार देर रात ट्रक गुजरने के दौरान अचानक चालक का वाहन से नियंत्रण हट गया। इसके बाद ट्रक सीधे सड़क किनारे स्थित फल दुकान में जा घुसा। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दुकान में रखे फल और ठेला क्षतिग्रस्त हो गए। इसके बाद ट्रक पेड़ से टकराकर रुक गया।
गनीमत रही कि घटना के समय दुकान के आसपास कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था, जिससे जान-माल का नुकसान होने से बच गया। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।
घटना की सूचना मिलने पर सुंदरनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस हादसे के कारणों का पता लगाने में जुटी है।

