टीएसएफ के शिविर में 90 से अधिक ग्रामीणों के बने आयुष्मान व ई-श्रम कार्ड
राष्ट्र संवाद संवाददाता, गम्हरिया।
टाटा स्टील फाउंडेशन (टीएसएफ) और एनआईआईटी फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में शनिवार को छोटा गम्हरिया पंचायत भवन में विशेष शिविर आयोजित किया गया। शिविर का उद्घाटन पंचायत की मुखिया निरोला सरदार ने किया। उन्होंने पंचायतवासियों से शिविर का लाभ उठाकर सरकारी योजनाओं से जुड़ने की अपील की।
शिविर में ग्रामीणों को नया आयुष्मान कार्ड बनाने, पुराने कार्ड में सुधार और ई-केवाईसी कराने की सुविधा उपलब्ध कराई गई। इस दौरान 90 से अधिक ग्रामीणों के आयुष्मान कार्ड, आभा कार्ड और ई-श्रम कार्ड बनाए गए। शिविर का उद्देश्य ग्रामीणों को स्वास्थ्य सुविधाओं और सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से जोड़ना तथा आवश्यक दस्तावेज तैयार कराने में सहयोग देना था।
इस अवसर पर टाटा स्टील फाउंडेशन के अभिजीत मुखर्जी और अर्चना मिश्रा, ग्राम प्रधान सूरज लाल महतो, उपमुखिया रेणु देवी, वार्ड सदस्य अनिता देवी समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।

