गायों की सेवा के लिए सुशील केजरीवाल ने दिए 11 हजार रुपये
बेगूसराय राष्ट्र संवाद ब्यूरो
तेघड़ा श्री गौशाला में गायों की सेवा और बेहतर देखभाल के लिए सुशील केजरीवाल ने 11 हजार रुपये का चेक देकर सहयोग किया। उन्होंने यह चेक गौशाला समिति के पदेन अध्यक्ष सह अनुमंडल पदाधिकारी नीरज सिन्हा को सौंपा। यह पहल प्रथम नवरात्र में दान की गई गायों के भरण-पोषण और संरक्षण को बेहतर बनाने के उद्देश्य से की गई।
मालूम हो कि प्रथम नवरात्र के अवसर पर तेघड़ा के व्यवसायी रघुनाथ केजरीवाल, उनकी पत्नी चंदा केजरीवाल और परिवार के सदस्यों ने तेघड़ा की प्रसिद्ध श्री गौशाला को एक जोड़ी गाय दान की थी। अब गायों की समुचित देखभाल के लिए उनके पुत्र सुशील केजरीवाल ने आर्थिक सहयोग दिया है।
गायों का दान करने के साथ उनकी सेवा और देखभाल के लिए सहयोग की यह पहल गौसेवा के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी का संदेश देती है। इससे गौशाला में गायों के रखरखाव और आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था में मदद मिलेगी।

