बारिश के बीच बिजली के बॉक्स में लगी आग, एहतियातन काटी गई आपूर्ति
राष्ट्र संवाद संवाददाता
छौड़ाही/ बेगूसराय
छौड़ाही बाजार में पुराने यूको बैंक के पास हुई घटना, सूचना पर पहुंचे बिजलीकर्मी।
छौड़ाही।बाजार में पुराने यूको बैंक के सामने शनिवार को मूसलाधार बारिश के दौरान बिजली के खंभे पर लगे बॉक्स में अचानक आग लग गई।बिजली उपकरण से आग की लपटें उठती देख आसपास के लोगों में चिंता फैल गई। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए बिजली विभाग के कर्मियों को सूचना दी। इसके बाद एहतियात के तौर पर संबंधित इलाके की बिजली आपूर्ति बंद कर दी गई।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बारिश के दौरान बिजली के खंभे पर लगे बॉक्स से अचानक आग की लपटें निकलने लगीं। बाजार में लोगों की आवाजाही के कारण किसी अप्रिय घटना की आशंका बढ़ गई थी। ग्रामीणों ने तत्काल बिजली विभाग से संपर्क कर आपूर्ति बंद कराने की पहल की।बिजली विभाग के लाइनमैन रणधीर कुमार और उनके सहयोगी अमन कुमार ने बताया कि मूसलाधार बारिश के दौरान पानी पड़ने से बॉक्स में आग लगने की घटना हुई।उन्होंने बताया कि उपकरण में आई खराबी को ठीक कराने के लिए मरम्मत कार्य कराया जाएगा। मरम्मत पूरी होने के बाद आवश्यक जांच कर बिजली आपूर्ति बहाल की जाएगी।घटना के बाद संबंधित इलाके में बिजली आपूर्ति बाधित रही।स्थानीय लोगों ने बिजली विभाग से जल्द खराबी दूर कर आपूर्ति बहाल करने की अपेक्षा जताई।

