
पूर्वी सिंहभूम में 100 दिवसीय कुष्ठ उन्मूलन अभियान शुरू, उपायुक्त ने किया पोस्टर विमोचन
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। राष्ट्रीय कुष्ठ उन्मूलन कार्यक्रम के तहत पूर्वी सिंहभूम जिले में 10 अक्टूबर 2026 से 30 जनवरी 2027 तक ‘मेरी दोस्ती तुमसे’ अभियान चलाया जाएगा। राज्य में पहली बार इस अभियान की शुरुआत पूर्वी सिंहभूम जिले में की जा रही है। उपायुक्त राजीव रंजन ने समाहरणालय में अभियान से संबंधित पोस्टर का विमोचन किया।
अभियान के तहत कुष्ठ रोग के प्रति जागरूकता फैलाने, मरीजों की पहचान एवं उपचार सुनिश्चित करने और सामाजिक भेदभाव दूर करने पर जोर दिया जाएगा। इसके लिए स्वास्थ्य शिविर, जागरूकता रैली, नुक्कड़ नाटक, प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता, विद्यालयों में जागरूकता कार्यक्रम और स्वास्थ्यकर्मियों का प्रशिक्षण आयोजित किया जाएगा।
उपायुक्त राजीव रंजन ने कहा कि कुष्ठ रोग उपचार योग्य बीमारी है। समय पर पहचान और नियमित उपचार से इस पर प्रभावी नियंत्रण संभव है। उन्होंने लोगों से लक्षण दिखाई देने पर नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में जांच कराने की अपील की।
सिविल सर्जन डॉ. साहिर पाल ने नागरिकों से अभियान में सहयोग करने तथा कुष्ठ रोग से प्रभावित लोगों के प्रति सम्मानजनक व्यवहार अपनाने की अपील की। कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त नागेन्द्र पासवान, डॉ. रंजीत पांडा, डॉ. मृत्युंजय धावड़िया, जिला कुष्ठ परामर्शी डॉ. राजीव महतो सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

