तीन कट्टे, धारदार चाकू और ढाई घंटे की दहशत
*थाना के साए में डकैती, चांडिल में व्यवसायी के घर घुसे नकाबपोश, परिवार को बनाया बंधक, 80 लाख के जेवर, नगदी की लूट*
राष्ट्र संवाद संवाददाता, चांडिल
चांडिल मुख्य बाजार में थाना से महज करीब 100 मीटर की दूरी पर स्थित व्यवसायी सुरेश चौधरी के घर शुक्रवार देर रात हथियारबंद नकाबपोश अपराधियों ने डकैती की वारदात को अंजाम दिया। अपराधियों ने घर में घुसकर परिवार के सदस्यों को बंधक बना लिया और सोने-चांदी के आभूषण तथा नकदी लूटकर फरार हो गए। घटना के बाद इलाके के व्यवसायियों और स्थानीय लोगों में चिंता का माहौल है।
पीड़ित परिवार के सदस्य उमंग चौधरी के अनुसार, रात करीब एक बजे सात से आठ नकाबपोश अपराधी घर में घुसे। वे सभी 25 से 30 वर्ष के थे और बंगला में बात कर रहे थे। उनके पास 3 देशी कट्टा और एक बड़ा तेज धारदार चाकू चमकाते हुए बताया गया है। हथियारों का भय दिखाकर उन्होंने परिवार के सदस्यों को अपने कब्जे में ले लिया। इस दौरान उमंग के साथ मारपीट की गई और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी गई। अपराधी करीब ढाई बजे तक घर में रहे और वारदात को अंजाम देने के बाद फरार हो गए।
चर्चा है कि लकड़ी का एक लम्बा सीढ़ी किसी उपयोग के लिए घर के बाहर रखा हुआ था। डकैतों ने घर घुसने के लिए उसी सीढ़ी का उपयोग किया होगा। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, अपराधी करीब 70 से 80 लाख रुपये के आभूषण और चार से पांच लाख रुपये नकद ले गए। हालांकि, लूटी गई संपत्ति की वास्तविक कीमत का अंतिम आकलन जांच के बाद ही स्पष्ट होगा।
घटना की सूचना पर चांडिल थाना प्रभारी संतन तिवारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और अपराधियों की पहचान करने में जुटी है। स्थानीय रिपोर्टों के मुताबिक, चांडिल बाजार और डैम रोड पर प्रशासनिक सीसीटीवी कैमरों की कमी भी जांच में चुनौती बन रही है।
थाना के निकट हुई इस वारदात ने बाजार क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। व्यवसायियों ने क्षेत्र में निगरानी बढ़ाने और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है।

