जेआरडी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में पहली बार इंटर कॉलेज टूर्नामेंट, 10-11 अक्टूबर को मुकाबले
सात शैक्षणिक संस्थानों के खिलाड़ी छह खेलों में दिखाएंगे दम, दूसरे दिन लाइव म्यूजिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर, 9 अक्टूबर। जेआरडी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में पहली बार इंटर कॉलेज टूर्नामेंट 2026 का आयोजन 10 और 11 अक्टूबर को होगा। इसमें करीम सिटी कॉलेज, नेताजी सुभाष यूनिवर्सिटी, अरका जैन यूनिवर्सिटी, अल कबीर पॉलिटेक्निक, एक्सएलआरआई जमशेदपुर, एनआईटी जमशेदपुर और आरवीएस के खिलाड़ी हिस्सा लेंगे।
प्रतियोगिता में एथलेटिक्स, बैडमिंटन, टेबल टेनिस, बास्केटबॉल, फुटसल और वॉलीबॉल के मुकाबले बालक एवं बालिका वर्ग में होंगे। आयोजन का उद्देश्य युवाओं में खेल प्रतिभा, टीम भावना और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा देना है।
10 अक्टूबर को उद्घाटन के साथ टूर्नामेंट शुरू होगा, जबकि 11 अक्टूबर को पुरस्कार वितरण के साथ समापन होगा। दूसरे दिन शाम 4 से 6:30 बजे तक लाइव म्यूजिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। खेल प्रेमियों, विद्यार्थियों और शहरवासियों को इसमें शामिल होने के लिए आमंत्रित किया गया है।
