चांडिल थाना के सामने हादसा, टैंकर ने बाइक सवार को कुचला
राष्ट्र संवाद संवाददाता, चांडिल
सरायकेला जिला के चांडिल थाना के ठीक सामने शुक्रवार को हुए सड़क हादसे में बाइक सवार फुलचंद महतो उर्फ डोमन की मौत हो गई। वह रावतारा गांव का निवासी था। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
मिली जानकारी के अनुसार, फुलचंद महतो पल्सर एनएस बाइक से जा रहे थे। थाना के पास आगे चल रहे टैंकर के समीप उनकी बाइक अचानक अनियंत्रित होकर फिसल गई। सड़क पर गिरते ही वह टैंकर के पहिए की चपेट में आ गए और गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से उन्हें चांडिल अनुमंडल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और रावतारा गांव में शोक की लहर दौड़ गई। चांडिल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। दुर्घटना में शामिल वाहनों को जब्त कर पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।

