उपायुक्त ने जनता दरबार में सुनीं समस्याएं
*अतिक्रमण, मंईयां सम्मान योजना के भुगतान और दुर्गापूजा की व्यवस्था पर हुई सुनवाई*
राष्ट्र संवाद संवाददाता, सरायकेला
उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने शुक्रवार को समाहरणालय में आयोजित साप्ताहिक जनता दरबार में आम लोगों की शिकायतें सुनीं। भूमि व आवास पर कथित अवैध कब्जे, मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के लंबित भुगतान तथा विभिन्न विभागों से जुड़ी समस्याओं पर संबंधित अधिकारियों को जांच कर नियमानुसार समयबद्ध कार्रवाई करने का निर्देश दिया। कुछ मामलों का मौके पर निष्पादन किया गया।
ईचागढ़ प्रखंड के पाटपुर में सार्वजनिक स्थल की चारदीवारी निर्माण सहित जीपीएफ कार्यालय, शिक्षा, स्वास्थ्य और आपूर्ति विभाग से जुड़े आवेदन भी प्राप्त हुए। उपायुक्त ने पात्र लाभुकों को योजनाओं का लाभ दिलाने और आवेदकों को कार्रवाई से अवगत कराने को कहा।
आदित्यपुर-गम्हरिया क्षेत्र में दुर्गापूजा को लेकर साफ-सफाई, सड़कों की मरम्मत, स्ट्रीट लाइट, पेयजल, प्राथमिक चिकित्सा और यातायात व्यवस्था पर चर्चा हुई। लाल बिल्डिंग से पूजा पंडाल तक सर्विस रोड को अतिक्रमण मुक्त कराने, भीड़ नियंत्रण, बैरिकेडिंग, सीसीटीवी निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त करने की जरूरत पर जोर दिया गया।
जनता दरबार में मुंडातांड़ स्थित सीएलएफ भवन की जर्जर छत की मरम्मत तथा स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने का मामला भी उठा। महिलाओं ने बेकरी मशीन सहित आवश्यक उपकरण उपलब्ध कराने की मांग रखी। उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को महिलाओं की रुचि के अनुसार रोजगार के अवसर, प्रशिक्षण और जरूरी संसाधन उपलब्ध कराने की दिशा में कार्रवाई करने का निर्देश दिया।

