बिना नंबर के ट्रैक्टर की टक्कर से महिला घायल
राष्ट्र संवाद संवाददाता, सरायकेला
काण्ड्रा थाना क्षेत्र में भारत पेट्रोल पंप के समीप शुक्रवार को बिना नंबर प्लेट वाले ट्रैक्टर की टक्कर से स्कूटी सवार महिला गंभीर रूप से घायल हो गई, जबकि उसके साथ मौजूद युवक को मामूली चोटें आईं। हादसे के बाद मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को अस्पताल पहुंचाने में मदद की।
मिली जानकारी के अनुसार, स्कूटी संख्या जेएनयू 05 डीआर 9705 को ट्रैक्टर ने टक्कर मार दी। ग्रामीणों का आरोप है कि ट्रैक्टर चालक हेडफोन लगाए हुए था और इसी दौरान उसने अचानक वाहन दाईं ओर मोड़ दिया, जिससे स्कूटी उसकी चपेट में आ गई। हालांकि, दुर्घटना के वास्तविक कारणों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।
घटना की सूचना मिलने पर एंबुलेंस और कांड्रा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। दोनों घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने दुर्घटना में शामिल ट्रैक्टर को जब्त कर आगे की जांच शुरू कर दी है।

