गोलमुरी में 36 लाख की विकास योजनाओं का विधायक पूर्णिमा साहू ने किया उद्घाटन
नाला मरम्मत, सीवरेज लाइन, घाट निर्माण और सड़क का काम पूरा, बुनियादी सुविधाओं को मिलेगा बढ़ावा
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू ने शुक्रवार को गोलमुरी क्षेत्र में विधायक निधि से करीब 36 लाख रुपये की लागत से पूरी हुई विभिन्न विकास योजनाओं का उद्घाटन किया। इनमें माहुलबेड़ा में क्षतिग्रस्त नाले की मरम्मत, केबुल टाउन सिक्योरिटी लाइन में सीवरेज निर्माण, न्यू केबुल टाउन स्थित हनुमान मंदिर के सामने घाट निर्माण, कुआं मैदान के समीप घाट की मरम्मत एवं रंग-रोगन तथा विकास कॉलोनी में नामदा सेंटर के पीछे अधूरी सड़क का निर्माण शामिल है।
इन कार्यों से जल निकासी, स्वच्छता, आवागमन और स्थानीय जनसुविधाओं में सुधार होगा। विधायक पूर्णिमा साहू ने कहा कि क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार और जनहित से जुड़े विकास कार्यों को धरातल पर उतारना उनकी प्राथमिकता है।
कार्यक्रम में विधायक प्रतिनिधि गुंजन यादव, भाजपा नेता मिथिलेश सिंह यादव, गोलमुरी मंडल अध्यक्ष पप्पू उपाध्याय, जिला मीडिया प्रभारी प्रेम झा सहित अन्य भाजपा कार्यकर्ता एवं स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

