गोपबंधु विद्यापीठ में रतन टाटा की पुण्यतिथि मनाई गई, प्राचार्य संजीव कुमार तिवारी ने विद्यार्थियों को सेवा, ईमानदारी और समर्पण के आदर्श अपनाने की दी प्रेरणा
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। टेल्को स्थित हाई स्कूल गोपबंधु विद्यापीठ में शुक्रवार को प्रख्यात उद्योगपति एवं समाजसेवी स्वर्गीय रतन नवल टाटा की पुण्यतिथि श्रद्धापूर्वक मनाई गई। कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय के संस्थापक स्वर्गीय गोपबंधु जी और रतन टाटा की तस्वीरों पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलित कर की गई। इस दौरान शिक्षक-शिक्षिकाओं और विद्यार्थियों ने श्रद्धांजलि अर्पित की।
विद्यालय के प्राचार्य संजीव कुमार तिवारी ने रतन टाटा के संघर्षपूर्ण जीवन, दूरदर्शिता और सामाजिक योगदान पर प्रकाश डालते हुए कहा कि वे संघर्ष, सेवा और समर्पण की प्रतिमूर्ति थे। उन्होंने शिक्षा, स्वास्थ्य और जरूरतमंदों के कल्याण के लिए उल्लेखनीय योगदान दिया। प्राचार्य ने विद्यार्थियों से उनके जीवन से प्रेरणा लेकर ईमानदारी, अनुशासन, परिश्रम और सेवाभाव अपनाने का आह्वान किया। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने भाषण और स्वरचित कविताओं के माध्यम से रतन टाटा के जीवन एवं उपलब्धियों को प्रस्तुत किया। कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं और छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

