बेगूसराय बस स्टैंड में दिनदहाड़े गोलीबारी, फल व्यवसायी समेत दो घायल – दहशत
राष्ट्र संवाद संवाददाता
*बेगूसराय।* शहर के सबसे व्यस्त इलाके बेगूसराय बस स्टैंड (फल मंडी) में बुधवार की सुबह तड़तड़ाहट से गोलियां चलीं। गोलीबारी की इस घटना में एक फल व्यवसायी समेत दो लोगों को गोली लगने की खबर है। सुबह-सुबह हुई वारदात के बाद पूरे बस स्टैंड परिसर में अफरा-तफरी और दहशत फैल गई।
बताया जाता है कि अपराधियों ने फल मंडी में घुसकर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। गोली लगते ही दोनों घायल जमीन पर गिर पड़े। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की घेराबंदी कर जांच शुरू की। घायलों को तत्काल सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।
फिलहाल गोलीबारी के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस आपसी रंजिश, रंगदारी समेत सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ कर रही है।

