एसआईआर के खिलाफ महागठबंधन का प्रदर्शन।
राष्ट्र संवाद संवाददाता
छौड़ाही /बेगूसराय
प्रखंड मुख्यालय पर फूंका पुतला।
छौड़ाही।मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के विरोध में बुधवार को महागठबंधन के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने छौड़ाही प्रखंड मुख्यालय पर प्रदर्शन किया।प्रखंड कार्यालय के मुख्य द्वार पर आयोजित कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी,गृह मंत्री अमित शाह और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला दहन किया गया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार और चुनाव आयोग के खिलाफ नारेबाजी भी की।कार्यक्रम नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव एवं महागठबंधन के वरिष्ठ नेताओं के आह्वान पर आयोजित किया गया।राजद प्रखंड अध्यक्ष मनोज कुमार, सीपीआई अंचल मंत्री विद्यानंद राय,आईआईपी के अनुमंडल अध्यक्ष सह ऐजनी मुखिया पंकज दास तथा वीआईपी नेता उत्तम सहनी ने संयुक्त रूप से कार्यक्रम का नेतृत्व किया।
नेताओं ने कहा कि मतदाता सूची के पुनरीक्षण की प्रक्रिया में पारदर्शिता जरूरी है।एसआईआर के दौरान पात्र मतदाताओं का नाम सूची से नहीं छूटे,इसका विशेष ध्यान रखा जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि मताधिकार प्रत्येक योग्य नागरिक का लोकतांत्रिक अधिकार है और किसी भी प्रक्रिया के कारण पात्र व्यक्ति इससे वंचित न हो, यह सुनिश्चित किया जाना चाहिए।वक्ताओं ने एसआईआर को लेकर आम लोगों के बीच बनी आशंकाओं को दूर करने की मांग की। साथ ही चुनावी प्रक्रिया में पारदर्शिता और सभी पात्र मतदाताओं के अधिकारों की सुरक्षा पर जोर दिया।
मौके पर सीपीआईएम नेता कॉमरेड विपिन कुमार,जिवराइल अमीन,रामविलास सदा,रामबहादुर यादव, रणधीर यादव, फिरोज आलम, सुरेश महतो, बबलू यादव और केदार साहू सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद थे।

