थैलेसीमिया जागरूकता के साथ स्वरोजगार के हुनर सिखाए
राष्ट्र संवाद संवाददाता, पोटका
जमशेदपुर विमेंस क्लब के सहयोग से केरूआडूंगरी पंचायत सभागार में जनजातीय महिलाओं के लिए स्वास्थ्य जागरूकता एवं कौशल विकास कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसका उद्देश्य महिलाओं को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने के साथ स्वरोजगार और आय सृजन के व्यावहारिक कौशल से जोड़ना था।
कार्यक्रम की शुरुआत थैलेसीमिया जागरूकता सत्र से हुई। क्लब की सचिव पूजा भालोटिया ने महिलाओं को थैलेसीमिया, स्वास्थ्य सतर्कता और सामुदायिक जिम्मेदारी की जानकारी दी। इसके बाद साबुन और मोमबत्ती निर्माण का प्रशिक्षण दिया गया। क्लब की नव-निर्वाचित सदस्य शिल्पी मोदी ने साबुन निर्माण की तकनीक व प्रक्रिया समझाई, जबकि कार्यकारिणी सदस्य अर्चना डूगर ने मोमबत्ती बनाने का प्रशिक्षण दिया।
मुखिया कान्हु मुर्मू ने कहा कि पंचायत का वास्तविक विकास तभी संभव है, जब महिलाएं जागरूक, हुनरमंद और आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनें। उन्होंने कहा कि साबुन और मोमबत्ती निर्माण जैसे कौशल घरेलू उद्योग और आय के साधन बन सकते हैं। क्लब की ओर से महिलाओं को स्वास्थ्य जागरूकता, कौशल विकास और आत्मनिर्भरता से जोड़ने के प्रयास की सराहना की गई।

