बिंदल मॉल फायरिंग के दो आरोपी मुठभेड़ में घायल, हथियार बरामदगी के दौरान पुलिस पर की फायरिंग
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। सोनारी थाना क्षेत्र के मरीन ड्राइव स्थित बिंदल मॉल के रेस्टोरेंट में 26 सितंबर को हुई फायरिंग के मामले में पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। हथियार बरामदगी के दौरान पुलिस मुठभेड़ में दो आरोपी मोहन यादव और अजीत मंडल के पैर में गोली लगी।
पुलिस के अनुसार, बुधवार देर रात दोनों आरोपियों को हथियार बरामद करने के लिए मरीन ड्राइव के जंगल क्षेत्र में ले जाया गया था। इसी दौरान उन्होंने एक टैंगो जवान का हथियार छीनकर पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में दोनों घायल हो गए। दोनों को एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस ने मामले में अविनाश ठाकुर, रूपेश सिंह और ओम सिंह उर्फ बच्चा को भी गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से तीन देसी कट्टा, छह जिंदा कारतूस, एक बाइक और दो मोबाइल बरामद किए गए हैं।
एसएसपी डॉ. ऐहतेशाम वकारिब ने बताया कि फायरिंग के पीछे आपराधिक साजिश सामने आई है और हत्या के लिए पांच लाख रुपये की सुपारी दिए जाने की बात जांच में सामने आई है। पुलिस सुपारी देने वाले व्यक्ति समेत अन्य संभावित आरोपियों की भूमिका की जांच कर रही है।

