दुर्गा पूजा से पहले पुलिस ने किया दंगा-रोधी मॉक ड्रिल, विषम परिस्थितियों से निपटने का अभ्यास
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। आगामी दुर्गा पूजा समेत अन्य त्योहारों को देखते हुए शहर में शांति और विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ. ऐहतेशाम वकारिब के निर्देश पर पुलिस केंद्र, गोलमुरी में दंगा-रोधी मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया।
मॉक ड्रिल के दौरान पुलिस जवानों को अचानक उत्पन्न होने वाली विषम परिस्थितियों से निपटने का प्रशिक्षण दिया गया। इस दौरान भीड़ को नियंत्रित करने, उपद्रव या तनाव की स्थिति में त्वरित कार्रवाई करने तथा असामाजिक तत्वों से प्रभावी ढंग से निपटने का अभ्यास कराया गया। पुलिस बल ने मॉक ड्रिल के माध्यम से किसी भी आपात स्थिति में समन्वय के साथ कार्रवाई करने की प्रक्रिया को दोहराया।

अधिकारियों ने जवानों को निर्देश दिया कि त्योहारों के दौरान संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरती जाए और किसी भी सूचना पर तत्काल प्रतिक्रिया दी जाए। मॉक ड्रिल का उद्देश्य पुलिस बल को वास्तविक परिस्थितियों के लिए तैयार रखना और कानून-व्यवस्था की चुनौती आने पर कम से कम समय में प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करना रहा।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि दुर्गा पूजा और अन्य त्योहारों को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया जा रहा है। पुलिस की ओर से भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों, पूजा पंडालों और संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखने की तैयारी की जा रही है।

