सेवा सेतु शिविर में योजनाओं की जानकारी के साथ सुनी गईं जनसमस्याएं।
छौराही /बेगूसराय
प्रखंड कार्यालय में आयोजित शिविर का अधिकारियों ने किया उद्घाटन।पात्र लाभुकों को योजनाओं से जोड़ने पर जोर।
छौड़ाही।ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने और उनकी समस्याओं का स्थानीय स्तर पर समाधान करने के उद्देश्य से मंगलवार को छौड़ाही प्रखंड कार्यालय के सभागार में सेवा सेतु शिविर आयोजित किया गया। शिविर का उद्घाटन बीडीओ प्रिया कुमारी, सीओ चंद्रप्रकाश पांडेय और प्रखंड आत्मा अध्यक्ष रामनरेश आजाद ने दीप प्रज्वलित कर संयुक्त रूप से किया। इस दौरान विभिन्न विभागों के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।बीडीओ प्रिया कुमारी ने कहा कि ‘सेवा सेतु शिविर-सरकार आपके द्वार’ कार्यक्रम के माध्यम से आम लोगों को सरकारी कार्यालयों का चक्कर लगाने से राहत देने का प्रयास किया जा रहा है।शिविर में ग्रामीण अपनी समस्याओं और शिकायतों से संबंधित आवेदन दे सकते हैं। प्राप्त आवेदनों की पावती देने के साथ उन्हें संबंधित विभाग को भेजकर निर्धारित समय सीमा में निष्पादन कराया जाएगा।शिविर में केंद्र सरकार की 26 योजनाओं के अलावा राज्य सरकार के विभिन्न विभागों की प्रमुख कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी लोगों को दी गई। अधिकारियों ने पात्र लोगों को योजनाओं से जोड़ने के लिए आवश्यक प्रक्रिया की जानकारी भी दी।विभिन्न विभागों के लिए अलग-अलग काउंटर और सहायता केंद्र की व्यवस्था किए जाने की जानकारी दी गई।सीओ चंद्रप्रकाश पांडेय ने बताया कि शिविर में नए आवेदन के साथ लंबित मामलों को भी संकलित किया जाएगा। संबंधित विभागों को मामलों की जानकारी भेजकर उनके निष्पादन की निगरानी की जाएगी। पंचायत प्रतिनिधियों, जीविका दीदियों और अन्य संबंधित प्रतिनिधियों की भागीदारी भी कार्यक्रम में सुनिश्चित की जा रही है।अधिकारियों ने बताया कि 6, 7 और 8 अक्टूबर को जिले के सभी प्रखंडों में सेवा सेतु शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। पंचायत स्तर पर भी ग्रामीणों से आवेदन और शिकायतें प्राप्त करने की व्यवस्था की गई है। प्रशासन ने लोगों से शिविर में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर योजनाओं की जानकारी लेने और अपनी समस्याओं से संबंधित आवेदन देने की अपील की।कार्यक्रम में सीएचसी प्रभारी डॉ. कमलेश कुमार समेत विभिन्न विभागों के पदाधिकारी, कर्मी और स्थानीय लोग उपस्थित थे।

