सकरबासा के गौरव और नुसरत ने जिला स्तरीय खेल प्रतियोगिता में मारी बाजी
राष्ट्र संवाद संवाददाता
राजेश कुमार,खोदावंदपुर/बेगूसराय। जिला स्तरीय विद्यालय खेल प्रतियोगिता-2026 में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले सकरबासा पंचायत के छात्र-छात्राओं को बेटर सोसाइटी सकरबासा की ओर से सम्मानित किया गया। संस्था ने खिलाड़ियों को माला, अंगवस्त्र, मिथिला पाग, अंकगणित की पुस्तक, पौधा, मिठाई एवं शिक्षण सामग्री किट प्रदान कर उनका उत्साह बढ़ाया। चेरिया बरियारपुर प्रखंड क्षेत्र के उत्क्रमित उच्च विद्यालय सकरबासा के वर्ग नवम के छात्र गौरव कुमार ने कुश्ती स्पर्धा में जिला स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त किया। गौरव सकरबासा पंचायत के वार्ड- दो निवासी संतोष राम एवं मुन्नी देवी के पुत्र हैं। वहीं पीएमश्री मध्य विद्यालय सकरबासा की वर्ग अष्टम की छात्रा नुसरत जमील ने 200 मीटर दौड़ एवं लंबी कूद में जिला स्तर पर प्रथम स्थान हासिल किया। नुसरत वार्ड- सात निवासी मोहम्मद जमील अहमद की पुत्री हैं। दोनों खिलाड़ियों की उपलब्धि से विद्यालय परिवार, परिजनों एवं ग्रामीणों में खुशी का माहौल है। बिहार राज्य खेल प्राधिकरण, खेल विभाग बेगूसराय एवं जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित जिला स्तरीय विद्यालय खेल प्रतियोगिता में वर्ग छह से 12वीं तक के विद्यार्थियों ने विभिन्न खेल विधाओं में भाग लिया। प्रतियोगिता का आयोजन गांधी स्टेडियम, इंडोर स्टेडियम, खेल भवन-सह-व्यायामशाला, कल्याण केंद्र बरौनी टाउनशिप एवं बीपी प्लस टू विद्यालय सहित विभिन्न खेल स्थलों पर किया गया। प्रतियोगिता में कुश्ती, दौड़, लंबी कूद, ऊंची कूद, बास्केटबॉल, बैडमिंटन, भारोत्तोलन, शतरंज, कराटे, वुशु, बॉक्सिंग एवं हॉकी सहित विभिन्न खेलों में विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी श्याम कुमार सहनी ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल विद्यार्थियों के शारीरिक स्वास्थ्य के साथ-साथ आत्मविश्वास को भी बढ़ाता है। खेल के क्षेत्र में प्रतिभा के दम पर सम्मान और पहचान हासिल करने के अनेक अवसर उपलब्ध हैं। गौरव कुमार एवं नुसरत जमील की सफलता पर बेटर सोसाइटी के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने बधाई देते हुए कहा कि दोनों की उपलब्धि पंचायत के अन्य विद्यार्थियों को भी खेल के प्रति प्रेरित करेगी। मौके पर सेवानिवृत्त प्रधानाध्यापक बालमुकुंद झा, प्रधानाध्यापक मायाराम चौधरी, प्रभारी मोहम्मद नगीना, शिक्षक ऋषिकेश कुमार, शिक्षिका रिंकू कुमारी, सन्नी कुमारी सहित अन्य शिक्षक, बेटर सोसाइटी के संस्थापक सदस्य शमसुल हसन, सचिव चंदन कुमार पासवान, सदस्य किरण कुमारी, मिथलेश कुमार, हरेकृष्ण मांझी, हीरालाल कुमार, रवि रौशन एवं अन्य ग्रामीण मौजूद थे।

