दुर्गापूजा से पहले यूसीआईएल कॉलोनी बदहाल
*कचरा, जाम नालियां और झाड़ियों से कर्मचारी परेशान, सफाई व बिजली व्यवस्था पर सवाल*
राष्ट्र संवाद संवाददाता, जादूगोड़ा
दुर्गापूजा से पांच दिन पहले यूसीआईएल कॉलोनी की सफाई व्यवस्था सवालों के घेरे में है। जगह-जगह कचरे से भरे डस्टबिन, सड़कों पर बिखरा कचरा, बजबजाती जाम नालियां और उगी झाड़ियां कर्मचारियों के लिए परेशानी का कारण बनी हैं। पूजा पंडालों के आसपास भी सफाई नहीं होने से पूजा समितियों में नाराजगी है। कर्मचारियों का कहना है कि लंबे समय से फॉगिंग नहीं होने से मच्छरों का प्रकोप बढ़ा है।
कॉलोनी में कुछ सेफ्टी टैंक की टंकियां धंसने और बिजली के खंभों के टूटने या झुकने की शिकायत भी सामने आई है। कर्मचारियों का आरोप है कि पहले पूजा से पूर्व सफाई, फॉगिंग, लाइटिंग और पंडालों के चबूतरे समेत जरूरी व्यवस्थाएं दुरुस्त कराई जाती थीं, लेकिन इस बार स्थिति इसके विपरीत है। उनका सवाल है कि हीरक जयंती के आयोजन पर बड़े खर्च के बीच कॉलोनी की बुनियादी सुविधाओं के लिए व्यवस्था क्यों नहीं हो सकी।
सफाई कर्मियों ने भी ठेकेदार पर यूनिफॉर्म और जरूरी सामग्री उपलब्ध नहीं कराने का आरोप लगाते हुए हड़ताल की चेतावनी दी है। कर्मचारियों ने संपदा विभाग की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए अधिकारी-ठेकेदार की कथित मिलीभगत की जांच की मांग की है। हालांकि इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। कर्मचारियों और पूजा समितियों ने दुर्गापूजा से पहले युद्धस्तर पर सफाई, नाली, फॉगिंग और विद्युत व्यवस्था दुरुस्त कराने की मांग की है।

