चांडिल गोलचक्कर पर एक्सीडेंट, छात्र की मौत
*पॉलिटेक्निक के दो छात्र गम्हरिया से जा रहे थे कॉलेज, एक की मौके पर मौत, दूसरा गंभीर*
राष्ट्र संवाद संवाददाता, चांडिल
चांडिल गोलचक्कर के पास मंगलवार सुबह तेज रफ्तार ट्रेलर की चपेट में आने से बाइक सवार चांडिल पॉलिटेक्निक कॉलेज के एक छात्र की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। दोनों छात्र गम्हरिया से चांडिल स्थित कॉलेज जा रहे थे। मृतक की पहचान फिलहाल नहीं हो सकी है, जबकि घायल की पहचान समीर दास के रूप में हुई है। दोनों के गम्हरिया निवासी होने की बात सामने आई है।
प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार गोलचक्कर के समीप ट्रेलर ने बाइक को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि एक छात्र की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही चांडिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया, जबकि दुर्घटनाग्रस्त ट्रेलर को जब्त कर लिया गया। घायल समीर दास को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस दुर्घटना के कारणों और मृतक की पहचान की जांच कर रही है।
हादसे के बाद स्थानीय लोगों में नाराजगी देखी गई। लोगों ने सड़क की बदहाल स्थिति, गड्ढों और अव्यवस्थित यातायात व्यवस्था को दुर्घटनाओं का कारण बताते हुए सुधार की मांग की। स्थानीय लोगों ने सड़क व्यवस्था को लेकर संबंधित एजेंसियों से तत्काल पहल की मांग की है।

