दुर्गापूजा को लेकर शांति समिति की बैठक, डीजे और नशे पर रहेगी सख्ती
क्षेत्र में पुलिस-मजिस्ट्रेट की तैनाती, पंडालों में सीसीटीवी व वालंटियर की व्यवस्था का सुझाव
बेगूसराय/ राष्ट्र संवाद ब्यूरो
आगामी दुर्गापूजा को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर सोमवार को तेघड़ा थाना परिसर में शांति समिति की बैठक थानाध्यक्ष क्रांति रमन की अध्यक्षता में हुई। बैठक में पूजा समितियों के अध्यक्ष-सचिव और बुद्धिजीवियों ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सुझाव दिए। पंडालों में सीसीटीवी लगाने, वालंटियरों की टीम सक्रिय रखने, आग से बचाव के इंतजाम करने और भीड़ के दौरान व्यवस्था बनाए रखने पर जोर दिया गया। किसी तरह की आपात स्थिति में पुलिस को तत्काल सूचना देने की बात भी कही गई।
थानाध्यक्ष क्रांति रमन ने कहा कि आपसी सौहार्द और शांति के साथ त्योहार मनाएं। क्षेत्र में पुलिस बल और मजिस्ट्रेट की तैनाती होगी। पुलिस गश्ती के साथ प्रशासनिक पदाधिकारी सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी करेंगे। पूजा समितियों को थाना से लाइसेंस प्राप्त करने का निर्देश दिया गया।
बैठक में अश्लील और आपत्तिजनक गाने नहीं बजाने तथा डीजे का उपयोग नहीं करने की हिदायत दी गई। थानाध्यक्ष ने कहा कि डीजे बजाने पर उसे जब्त कर विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी। क्षेत्र में शराब या किसी भी नशीले पदार्थ की बिक्री और सेवन करने वालों पर भी कार्रवाई होगी।
सोशल मीडिया या अन्य माध्यम से फैलने वाली अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील की गई। किसी विवाद या संदिग्ध गतिविधि की जानकारी पुलिस को देने को कहा गया। थानाध्यक्ष ने कहा कि असामाजिक तत्वों पर नजर रहेगी और शांति व्यवस्था भंग करने वालों के खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में प्रो. अभिलाष कुमार दत्त, मनोज पाठक, अविनाश कुमार, आरएन साह, सुशील कुमार केजरीवाल, रामनाथ पासवान, संजीव कुमार मुन्ना सहित विभिन्न पूजा समितियों के अध्यक्ष-सचिव एवं बुद्धिजीवी मौजूद थे।

