दुर्गा पूजा में शांति व्यवस्था को ले समिति की बैठक आयोजित
वीरपुर /बेगूसराय
दुर्गा पूजा एवं मेला के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने को लेकर सोमवार को वीरपुर थाना परिसर स्थित प्रतीक्षालय भवन में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। अध्यक्षता थानाध्यक्ष राजू रंजन कुमार ने की। बैठक में पूजा समितियों के सदस्यों, जनप्रतिनिधियों एवं स्थानीय लोगों के साथ पूजा व मेला को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने पर चर्चा की गई।सदर डीएसपी-2 कुमारी दुर्गा शक्ति ने लोगों से आपसी भाईचारे एवं सौहार्द के साथ त्योहार मनाने की अपील की। इंस्पेक्टर अमलेश कुमार ने कहा कि मेला के दौरान असामाजिक तत्वों पर विशेष नजर रखी जाएगी और उपद्रव करने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी। थानाध्यक्ष ने बताया कि पूजा एवं मेला के दौरान डीजे बजाने और जुआ खेलने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। मौके पर पुलिस पदाधिकारी सहित व विभिन्न पंचायतों के जनप्रतिनिधि व पूजा समितियों के सदस्य मौजूद थे।

