छौड़ाही के नारायणपीपड़ में घर पर ताबड़तोड़ फायरिंग,छह पर आरोप।20 लाख रुपये रंगदारी मांगने का आरोप।मौके से 10 खोखे,जिंदा कारतूस व चप्पल बरामद।
छौड़ाही।थाना क्षेत्र के नारायणपीपड़ गांव में सोमवार तड़के करीब तीन बजे विजय कुमार राय के घर पर ताबड़तोड़ फायरिंग से इलाके में सनसनी फैल गई। पीड़ित के अनुसार गोली चलने की आवाज सुनकर वह घर से बाहर निकले,तब तक हमलावर फरार हो चुके थे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल से 10 खोखे, एक जिंदा कारतूस और सफेद चप्पल बरामद की है।पीड़ित ने पुलिस को दिए आवेदन में 20 लाख रुपये रंगदारी मांगने और मांग पूरी नहीं करने पर फायरिंग करने का आरोप लगाया है।आवेदन के आधार पर पुलिस ने छह लोगों के खिलाफ जांच शुरू की है।इनमें इजराहा निवासी भरत यादव व अंजनी कुमार यादव, बड़ी जाना के सोनवर्षा टोला निवासी मनीष कुमार यादव व अरुण यादव उर्फ एसपी यादव, पनसल्ला निवासी रज्जी अहमद तथा चेरियाबरियारपुर थाना क्षेत्र के कुंभी निवासी अभिषेक यादव उर्फ मिंटू यादव शामिल हैं।हालांकि,रंगदारी के आरोप की पुलिस ने अभी स्वतंत्र पुष्टि नहीं की है।
घटना की सूचना पर एसआई रोशन प्रसाद पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल की जांच की। पुलिस बरामद खोखे,जिंदा कारतूस और चप्पल के आधार पर सुराग तलाश रही है।जांच के दौरान हमलावरों के काले रंग की स्कॉर्पियो से आने की बात भी सामने आई है।घटनास्थल के पास कच्ची सड़क पर वाहन के निशान मिलने की जानकारी पुलिस को दी गई है।पुलिस सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के जरिए संदिग्ध वाहन व आरोपितों की पहचान में जुटी है।
डीएसपी ने घटनास्थल का लिया जायजा।
घटना की जानकारी मिलने पर मंझौल डीएसपी अमरकांत ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और पीड़ित परिवार व आसपास के लोगों से जानकारी ली। डीएसपी ने बताया कि पीड़ित की ओर से लिखित आवेदन प्राप्त हुआ है।आवेदन के आधार पर पुलिस कार्रवाई कर रही है।घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और अन्य बिंदुओं पर जांच की जा रही है।जांच के बाद ही घटना की वास्तविक वजह और इसमें शामिल लोगों की भूमिका स्पष्ट होगी।घटना के बाद ग्रामीणों में भय का माहौल है।पुलिस ने क्षेत्र में निगरानी बढ़ाने की बात कही है।


