दुर्गा पूजा की तैयारियों को लेकर केंद्रीय दुर्गा पूजा समिति और जिला प्रशासन की बैठक
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। दुर्गा पूजा की तैयारियों को लेकर सोमवार को केंद्रीय दुर्गा पूजा समिति और जिला प्रशासन की संयुक्त बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले की विभिन्न लाइसेंसी दुर्गा पूजा समितियों के पदाधिकारियों और प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। इस दौरान पूजा आयोजन के दौरान आने वाली समस्याओं और आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर प्रशासन के समक्ष कई बिंदु रखे गए।
पूजा समितियों के प्रतिनिधियों ने बिजली, साफ-सफाई, सड़क, सुरक्षा, यातायात व्यवस्था समेत पूजा के दौरान होने वाली अन्य व्यावहारिक समस्याओं से जिला प्रशासन को अवगत कराया। उन्होंने कहा कि समय रहते आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी होने से श्रद्धालुओं को पूजा के दौरान किसी तरह की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा।

बैठक में जिला प्रशासन के अधिकारियों ने पूजा समितियों द्वारा उठाए गए मुद्दों को गंभीरता से सुना और समस्याओं के जल्द समाधान का आश्वासन दिया। अधिकारियों ने कहा कि दुर्गा पूजा के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को प्राथमिकता दी जाएगी। समितियों के साथ समन्वय बनाकर आवश्यक व्यवस्थाओं को समय पर पूरा कराया जाएगा।
केंद्रीय दुर्गा पूजा समिति ने भी पूजा समितियों से प्रशासन के निर्देशों का पालन करने और शांतिपूर्ण तरीके से पूजा संपन्न कराने में सहयोग की अपील की। बैठक में प्रशासन और पूजा समितियों के बीच बेहतर समन्वय के साथ दुर्गा पूजा संपन्न कराने पर जोर दिया गया।

