
जिउतिया की खुशियों के बीच मातम, मानगो में दो बहनें नदी में डूबीं; एक लापता, दूसरी अस्पताल में भर्ती
बच्ची की तलाश में आक्रोशित लोगों ने मानगो में किया सड़क जाम, घंटों परेशान रहे राहगीर और ड्यूटी पर आने-जाने वाले लोग, देर रात पुलिस प्रशासन ने हटवाया जाम
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। जिउतिया पर्व की खुशियों के बीच मानगो में एक परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। मानगो गांधी घाट के पास नदी में स्नान करने के दौरान दो सगी बहनें तेज बहाव की चपेट में आकर डूब गईं। स्थानीय लोगों की तत्परता से एक बच्ची ज्योति कुमारी को नदी से बाहर निकाल लिया गया, जबकि उसकी नौ वर्षीय बहन पूनम कुमारी पानी के तेज बहाव में बह गई। देर शाम तक लापता बच्ची का पता नहीं चल सका था।

*बच्ची की तलाश को लेकर सड़क जाम*
घटना के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया। लापता बच्ची की तलाश और प्रशासनिक कार्रवाई की मांग को लेकर गुस्साए लोगों ने मानगो में सड़क जाम कर दिया। सड़क जाम के कारण घंटों आवागमन प्रभावित रहा। काम पर आने-जाने वाले लोगों, राहगीरों और अन्य वाहन चालकों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। देर रात पुलिस प्रशासन ने हस्तक्षेप कर जाम हटवाया, जिसके बाद यातायात सामान्य करने का प्रयास किया गया।
घटना की जानकारी मिलने के बाद मानगो निवासी सामाजिक कार्यकर्ता एवं भाजपा के पूर्व नेता विकास सिंह ने उपायुक्त को मामले से अवगत कराया। उन्होंने प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप कर लापता बच्ची की तलाश के लिए रेस्क्यू अभियान चलाने की मांग की।

