एक सप्ताह में सफाई नहीं हुई तो समर्थक खुद हटाएंगे कचरा, एनएचएआई ने सड़क निर्माण जल्द शुरू करने का दिया भरोसा
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने मानगो नगर निगम को बागानशाही स्थित मुर्दा मैदान की सफाई के लिए एक सप्ताह का अल्टीमेटम दिया है। उन्होंने चेतावनी दी कि निर्धारित समय में सफाई नहीं होने पर स्थानीय लोग और उनके समर्थक खुद हाईवा लगाकर कचरा हटाएंगे और उसे नगर निगम कार्यालय के सामने या अन्यत्र डाल देंगे। इसकी जिम्मेदारी नगर निगम की होगी।
मुर्दा मैदान में गंदगी और कचरे का अंबार देखकर सरयू राय ने नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि पिछले तीन महीने से मैदान की सफाई नहीं हुई है, जिससे आसपास के लोगों को दुर्गंध और गंदगी के बीच रहना पड़ रहा है। इस दौरान मुस्लिम समुदाय के लोगों और आदिवासी नेता सोनाराम मांझी के बीच भी सफाई को लेकर चर्चा हुई। सोनाराम मांझी ने स्पष्ट किया कि आदिवासी समुदाय को मैदान पर अतिक्रमण होने का भय था, लेकिन इसका अर्थ यह नहीं कि वहां कचरा जमा होता रहे और लोग बीमारियों का सामना करें।

वहीं, एनएच-33 पर उड़ती धूल से परेशान लोगों के समर्थन में डिमना चौक पर धरना दे रहे बालीगुमा के वार्ड पार्षद राजेश सिंह का सरयू राय ने धरना समाप्त कराया। सूचना मिलने पर धरनास्थल पहुंचे विधायक ने पार्षद से बातचीत की और एनएचएआई के स्थानीय प्रतिनिधियों को भी मौके पर बुलाया। सरयू राय ने बताया कि उन्होंने एक दिन पहले एनएच-33 का निरीक्षण किया था और सड़क निर्माण की प्रक्रिया जल्द शुरू होने वाली है। एनएचएआई के प्रतिनिधियों ने भी शनिवार-रविवार से काम शुरू करने की बात कही। इसके बाद सरयू राय के आश्वासन पर राजेश सिंह ने अपना धरना समाप्त कर दिया।

