चांडिल पुराना पड़ाव बंद होने से करीब 20 परिवारों की रोजी-रोटी प्रभावित
राष्ट्र संवाद संवाददाता, चांडिल
निर्माणाधीन रांची-जमशेदपुर एनएच-33 पर चांडिल गोलचक्कर के समीप बस स्टैंड नहीं होने से यात्रियों की परेशानी बढ़ गई है। बस पकड़ने के लिए यात्रियों को सड़क किनारे खड़ा होना पड़ता है, जिससे दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। वहीं, पुराने बस पड़ाव के बंद होने से वहां कारोबार करने वाले करीब 20 दुकानदार परिवारों के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है।
दुकानदारों के अनुसार पुराने पड़ाव से प्रतिदिन करीब एक- डेढ़ हजार ग्रामीण, मजदूर और अन्य यात्री जमशेदपुर, रांची, रामगढ़, धनबाद, पुरुलिया, सरायकेला समेत ओडिशा के विभिन्न क्षेत्रों के लिए आवागमन करते थे। होटल, जलपान गृह, गैरेज, पंचर, ऑटो पार्ट्स समेत करीब 20 दुकानों का कारोबार भी इसी पर निर्भर था।
नया मार्ग शुरू होने के बाद पुराने पड़ाव पर यातायात और यात्रियों की आवाजाही लगभग थम गई है। प्रभावित दुकानदारों ने केंद्रीय मंत्री संजय सेठ, परिवहन मंत्री दीपक बिरुआ और विधायक सविता महतो से गोलचक्कर के समीप स्थायी बस स्टैंड के लिए भूमि चिह्नित करने तथा प्रभावित दुकानदारों को दुकान लगाने की जगह उपलब्ध कराने की मांग की है।

