कचरा डंपिंग से हालात चिंताजनक, दुर्गंध और गंदे पानी से लोग परेशान
वसुंधरा एस्टेट और स्वर्णरेखा फ्लैट के लोगों की शिकायत पर मौके पर पहुंचे सरयू राय
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। मानगो के वसुंधरा एस्टेट, स्वर्णरेखा फ्लैट और आसपास के लोगों की शिकायत पर जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने मंगलवार को कचरा डंपिंग स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने खुले में कचरा डंप किए जाने की स्थिति को चिंताजनक बताते हुए कहा कि दुर्गंध और कचरे से निकल रहा गंदा पानी आवासीय क्षेत्र की ओर फैल रहा है। मंदिर और चापाकल के आसपास भी काला, दुर्गंधयुक्त पानी जमा है। मौके पर साथ गए लोगों में शारीरिक परेशानी होने की बात भी सामने आई, जिस पर उन्होंने मामले की जांच की जरूरत बताई।

राय ने बताया कि करीब एक माह पूर्व मानगो नगर निगम की मेयर ने स्थल का निरीक्षण कर 15 दिनों में व्यवस्था बदलने की बात कही थी, लेकिन समस्या बनी हुई है। उन्होंने नगर निगम के अधिकारी से फोन पर बात कर चारों ओर से बंद शेड बनाकर दो कॉम्पैक्टर लगाने तथा गीले कचरे के पानी के रिसाव को रोकने का सुझाव दिया। उन्होंने कहा कि इंदौर और भोपाल की तर्ज पर कचरा ट्रांसफर स्टेशन विकसित किया जाए। फिलहाल स्थायी व्यवस्था संभव न हो तो ढंके हुए दालान में कचरा रखकर तत्काल हटाया जाए। उन्होंने आवासीय क्षेत्र में खुले कचरा डंपिंग से स्वास्थ्य और पर्यावरण पर पड़ने वाले संभावित प्रभाव को देखते हुए स्थायी एवं वैज्ञानिक समाधान की मांग की।

