टाटा मोटर्स में बेहतर बोनस समझौते पर यूनियन पदाधिकारियों का सम्मान
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। टाटा मोटर्स में बेहतर बोनस समझौते के उपलक्ष्य में सर्वोदय समिति जमशेदपुर की ओर से मंगलवार को टाटा मोटर्स वर्कर्स यूनियन के पदाधिकारियों का सम्मान समारोह सह आभार कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता समिति के अध्यक्ष रियाजुद्दीन खान ने की, जबकि संचालन महासचिव मनोज कुमार सिंह ने किया।
समिति के सदस्यों ने यूनियन के महासचिव आरके सिंह, अध्यक्ष शशि भूषण प्रसाद सहित पदाधिकारियों एवं कमेटी सदस्यों को अंगवस्त्र और पुष्पगुच्छ देकर सम्मानित किया। रियाजुद्दीन खान ने कहा कि कठिन परिस्थितियों के बावजूद यूनियन के प्रयास से प्रति कर्मचारी बोनस में करीब 12,500 रुपये की बढ़ोतरी हुई है। उन्होंने इसे यूनियन और प्रबंधन के बीच बेहतर समन्वय का परिणाम बताया।
महासचिव मनोज कुमार सिंह ने बोनस के साथ प्रत्येक कर्मचारी को 1,150 रुपये की उपहार राशि तथा रोजगार सृजन की नीति को भी महत्वपूर्ण बताया। कार्यक्रम में अरुण सिंह, अमरनाथ चौबे, शक्ति सिंह, विनोद गिरी, फिरोज खान, अजीत सिंह एवं गुलजार सिंह सहित अन्य उपस्थित रहे। धन्यवाद ज्ञापन अरुण सिंह ने किया।

