आम्रपाली के कुहरा पत्रा जंगल से 3.640 टन अवैध कोयला बरामद, सीसीएल प्रबंधन को किया गया सुपुर्द
राष्ट्र संवाद संवाददाता
चतरा: सीसीएल के आम्रपाली क्षेत्र में अवैध कोयला खनन, संग्रहण एवं परिवहन के खिलाफ सीआईएसएफ की कार्रवाई लगातार जारी है। सोमवार को गुप्त सूचना के आधार पर सीआईएसएफ की विशेष टीम ने कुहरा पात्रा गांव के जंगल में छापेमारी कर 3.640 टन अवैध रूप से संग्रहित कोयला बरामद किया। सीआईएसएफ इकाई मगध आम्रपाली के सहायक कमांडेंट सुभाष कुमार के निर्देशन में टीम को कुहरा पात्रा जंगल में भेजा गया था। जांच के दौरान घने पेड़ों के बीच कई स्थानों पर बोरियों में भरकर अवैध रूप से कोयला जमा किए जाने का पता चला। इसके बाद निरीक्षक एस.एन. व्यास के नेतृत्व में सीसीएल आम्रपाली प्रबंधन से समन्वय स्थापित किया गया। सीआईएसएफ टीम ने संबंधित स्थल पर कार्रवाई करते हुए कुल 3.640 टन कोयला बरामद किया। सीसीएल प्रबंधन द्वारा उपलब्ध कराए गए संसाधनों की मदद से बरामद कोयले को मौके से हटाकर कोल स्टॉक नंबर-1 में डलवाया गया। आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के बाद कोयला सीसीएल आम्रपाली प्रबंधन को सुपुर्द कर दिया गया।
बताया गया कि बरामद कोयले का अनुमानित मूल्य ₹4,586 है, यदि ₹1,260 प्रति टन की दर से गणना की जाए। कार्रवाई के दौरान सीआईएसएफ टीम ने आसपास के कोयला क्षेत्रों का भी निरीक्षण किया। अवैध रूप से कोयला संग्रहित किए जाने की संभावित गतिविधियों को लेकर विभिन्न संवेदनशील एवं संदिग्ध स्थानों की जांच की गई। सीआईएसएफ इकाई मगध आम्रपाली के सहायक कमांडेंट सुभाष कुमार ने बताया कि अवैध कोयला खनन, संग्रहण एवं परिवहन के खिलाफ खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम, 1957 (MMDR Act) के प्रासंगिक प्रावधानों के तहत निर्धारित प्रक्रिया के अनुरूप कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि अवैध कोयला गतिविधियों की सूचना मिलने पर सीआईएसएफ द्वारा सीसीएल प्रबंधन तथा स्थानीय प्रशासन और पुलिस के समन्वय से आगे भी कार्रवाई जारी रखी जाएगी।

