पूर्वी सिंहभूम कामगार कांग्रेस कमेटी का विस्तार
राष्ट्र संवाद संवाददाता, गम्हरिया
प्रदेश अध्यक्ष शैलेश पांडेय के निर्देश पर पूर्वी सिंहभूम जिला कामगार कांग्रेस कमेटी का विस्तार जिलाध्यक्ष अरुण त्रिपाठी ने किया। बिष्टुपुर स्थित तिलक पुस्तकालय में नई कमेटी की घोषणा कर पदाधिकारियों की सूची जारी की गई। नवगठित कमेटी में एक वरीय उपाध्यक्ष, दो उपाध्यक्ष, तीन महासचिव, नौ सचिव, तीन सहायक सचिव और एक सोशल मीडिया प्रभारी शामिल किए गए हैं।
इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष शैलेश पांडेय ने संगठन विस्तार को लेकर तीन माह का लक्ष्य निर्धारित किया। उन्होंने अक्टूबर में प्रखंड स्तर तथा नवंबर में पंचायत और ग्रामसभा स्तर पर बैठकें आयोजित करने का निर्देश दिया। साथ ही 2027 की शुरुआत तक प्रत्येक बूथ पर कामगार कांग्रेस के 10 कार्यकर्ताओं को संगठन से जोड़ने का लक्ष्य रखा।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष परविंदर सिंह ने नवनियुक्त पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए संगठन को मजबूत करने का आह्वान किया। कार्यकारी अध्यक्ष अवधेश सिंह ने पदाधिकारियों को नियुक्ति पत्र सौंपे। मौके पर प्रदेश कांग्रेस सचिव ब्रजेंदर तिवारी, जिला कांग्रेस उपाध्यक्ष संजय सिंह आजाद, आशुतोष सिंह समेत अन्य सदस्य मौजूद थे।

