*त्योहारों से पहले खाने के तेल पर राहत की उम्मीद, घटा आयात शुल्क
राष्ट्र संवाद संवाददाता, जादूगोड़ा
दशहरा-दुर्गापूजा से पहले रसोई के बजट को लेकर राहत की उम्मीद जगी है। केंद्र सरकार ने प्रमुख खाद्य तेलों के कच्चे आयात पर बेसिक कस्टम ड्यूटी घटा दी है। कच्चे सूरजमुखी तेल पर शुल्क 10 प्रतिशत से घटाकर शून्य, जबकि कच्चे सोयाबीन और पाम तेल पर 10 से घटाकर 5 प्रतिशत कर दिया गया है। संबंधित रिफाइंड तेलों पर भी शुल्क घटाया गया है।
इस फैसले से आयात लागत कम होने की उम्मीद है। खाद्य मंत्रालय ने तेल कंपनियों और उद्योग संगठनों से शुल्क कटौती का पूरा लाभ उपभोक्ताओं तक पहुंचाने तथा कीमत और अधिकतम खुदरा मूल्य में तत्काल कमी करने को कहा है।

