निखार सबलोक हत्याकांड: मुख्य अभियुक्त अशोक सिंह राघव के न्यूज़ पोर्टल कार्यालय व आवास पर चार थानों की संयुक्त छापेमारी
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। चर्चित निखार सबलोक हत्याकांड की जांच के सिलसिले में पुलिस ने मुख्य अभियुक्त बताए जा रहे अशोक सिंह राघव के सोनारी स्थित निजी न्यूज़ पोर्टल के कार्यालय और आवास पर सोमवार को छापेमारी की। कार्रवाई में चांडिल, चौका, सोनारी और बिष्टुपुर थाना की पुलिस टीम एक साथ शामिल रही।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, छापेमारी के दौरान कुछ ऐसे साक्ष्य और सामग्री हाथ लगी है, जिन्हें हत्याकांड की जांच के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। पुलिस ने बरामद सामग्री के संबंध में फिलहाल विस्तृत जानकारी साझा नहीं की है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच अभी जारी है और कुछ महत्वपूर्ण बिंदुओं पर जानकारी सार्वजनिक करने से जांच और आगे की कानूनी कार्रवाई प्रभावित हो सकती है। यही वजह है कि छापेमारी में मिले साक्ष्यों को लेकर पुलिस ने फिलहाल चुप्पी साध रखी है।
बताया जा रहा है कि यह कार्रवाई जांच प्रक्रिया का हिस्सा है। पुलिस अब बरामद सामग्री और अन्य तथ्यों का मिलान कर मामले में आगे की कार्रवाई की तैयारी कर रही है। जांच पूरी होने के बाद ही छापेमारी से मिले साक्ष्यों की वास्तविक भूमिका स्पष्ट हो सकेगी।

