पोषण जागरूकता रथ को उपायुक्त राजीव रंजन ने दिखाई हरी झंडी
9 सितंबर से 8 अक्टूबर तक चलेगा राष्ट्रीय पोषण माह, संतुलित आहार और मातृ-शिशु स्वास्थ्य पर रहेगा जोर
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। जिला दण्डाधिकारी सह उपायुक्त राजीव रंजन ने समाहरणालय परिसर से पोषण जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान उन्होंने जिले में पोषण के प्रति जागरूकता बढ़ाने और कुपोषण की रोकथाम के लिए समुदाय की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
मिशन सक्षम आंगनबाड़ी एवं पोषण 2.0 के अंतर्गत 9वां राष्ट्रीय पोषण माह-2026 का आयोजन 9 सितंबर से 8 अक्टूबर 2026 तक किया जा रहा है। इस वर्ष की थीम “हमारी आंगनवाड़ी, हमारी जिम्मेदारी” रखी गई है। पोषण माह के दौरान आंगनबाड़ी केंद्रों, परियोजना एवं जिला स्तर पर विभिन्न जागरूकता और जनभागीदारी कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
उपायुक्त ने संबंधित पदाधिकारियों को पोषण माह के दौरान पांच प्रमुख विषयों पर विशेष जागरूकता गतिविधियां संचालित करने का निर्देश दिया। इनमें आहार में विविधता एवं पर्याप्त प्रोटीन, आंगनबाड़ी केंद्रों पर ताजा एवं पका हुआ भोजन, सामुदायिक स्वामित्व एवं जवाबदेही, बाल विकास के लिए पोषण एवं प्रारंभिक बाल्यावस्था देखभाल एवं शिक्षा तथा प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के माध्यम से मातृ स्वास्थ्य के लिए नकद अंतरण शामिल हैं।
उपायुक्त ने कहा कि पोषण केवल व्यक्तिगत स्वास्थ्य का विषय नहीं, बल्कि पूरे समुदाय की साझा जिम्मेदारी है। आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से बच्चों, गर्भवती एवं धात्री महिलाओं तक पोषण, स्वास्थ्य और प्रारंभिक बाल्यावस्था देखभाल से जुड़ी सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित की जाए।
पोषण जागरूकता रथ जिले के विभिन्न क्षेत्रों में भ्रमण कर लोगों को संतुलित आहार, पर्याप्त प्रोटीन, बच्चों के समुचित विकास, मातृ स्वास्थ्य और आंगनबाड़ी सेवाओं के प्रति जागरूक करेगा। अधिकारियों के अनुसार, पोषण जागरूकता, सामुदायिक सहभागिता और विभागीय समन्वय के माध्यम से जिले में स्वस्थ एवं सुपोषित समाज के निर्माण की दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं।

