भादो अमावस्या पर राणी सती दादीजी का मंगल पाठ, भक्ति में डूबा गोलमुरी शिव मंदिर
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। भादो अमावस्या के पावन अवसर पर शुक्रवार को श्री श्री शिव मंदिर, गोलमुरी में श्री शिव मंदिर समिति एवं नारी जागरण समिति के संयुक्त तत्वावधान में श्री राणी सती दादीजी का मंगल पाठ श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में दादी भक्त एवं श्रद्धालु शामिल हुए।

मंगल पाठ वाचिका मंजू सैन ने विधिवत मंगल पाठ का वाचन करते हुए राणी सती दादीजी की महिमा का गुणगान किया। इस दौरान भजन-कीर्तन और धार्मिक झांकियों ने श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर दिया। दादीजी के जयकारों और भक्ति गीतों से पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय हो उठा।
श्रद्धालुओं ने मंगल पाठ में शामिल होकर सुख, शांति, समृद्धि एवं परिवार के मंगल की कामना की। कार्यक्रम का समापन आरती एवं प्रसाद वितरण के साथ हुआ। आयोजक समितियों ने कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी श्रद्धालुओं एवं दादी भक्तों के प्रति आभार जताया।

